Maldives के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने हिंद महासागर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा में भारत की भूमिका को अहम बताते हुए कहा है कि Maldives को अपनी सुरक्षा के लिए भारत की जरूरत है। ढाका में ‘बे ऑफ बंगाल कन्वर्सेशन 2026’ के दौरान ANI से बातचीत में नशीद ने कहा कि छोटे देशों के लिए अकेले बड़ी सैन्य क्षमता बनाए रखना आसान नहीं है, इसलिए क्षेत्रीय देशों को मिलकर शांति और सुरक्षा के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के तेजी से हो रहे विकास का हिस्सा बनना मालदीव के लोगों की समृद्धि के लिए जरूरी है।

मुइज्जू के ‘इंडिया आउट’ पर क्या बोले नशीद?
Maldives के मौजूदा राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के ‘इंडिया आउट’ अभियान और बाद में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने को लेकर पूछे गए सवाल पर नशीद ने कहा कि सरकार में आने से पहले नेता कई बातें कह सकते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद वास्तविक परिस्थितियों के अनुसार नीतियों में बदलाव करना पड़ता है। नशीद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत के बिना मालदीव के लिए आगे बढ़ना संभव नहीं है और इस वास्तविकता को स्वीकार करना होगा। उनका बयान ऐसे समय आया है जब Maldives और भारत के बीच सहयोग के कई क्षेत्रों में फिर से संपर्क बढ़ा है।

भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर भी दी सलाह
नशीद ने भारत और बांग्लादेश के रिश्तों पर भी अपनी बात रखी और दोनों देशों से मतभेद दूर करने की अपील की। उन्होंने बांग्लादेश को अपना घर जैसा बताते हुए Maldives में रहने वाले बांग्लादेशी लोगों के योगदान की सराहना की। नशीद फिलहाल ढाका में आयोजित तीन दिवसीय ‘बे ऑफ बंगाल कन्वर्सेशन’ में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने रणनीतिक मामलों के साथ जलवायु परिवर्तन और छोटे द्वीपीय देशों की चुनौतियों पर भी विचार रखे।


