वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ Air Show के तीसरे दिन भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने आसमान में शानदार करतब दिखाए। नमो घाट के पास आयोजित इस Air Show कार्यक्रम को देखने के लिए रविवार सुबह से ही गंगा के घाटों पर भारी भीड़ जुटी।

आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान करीब 370 लोगों की तबीयत बिगड़ने और कई दर्शकों के बेहोश होने की खबर ने आयोजन के बीच चिंता बढ़ा दी।
राफेल, तेजस और सुखोई के करतब बने आकर्षण
भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित Air Show में राफेल, स्वदेशी तेजस और सुखोई Su-30MKI जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत दिखाई। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम के प्रदर्शन ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।

चिनूक हेलीकॉप्टर से गंगा के ऊपर तिरंगे की आकृति बनाने और चेतक हेलीकॉप्टरों के जरिए तिरंगा फहराने जैसे दृश्यों ने कार्यक्रम को खास बनाया। काशी के आसमान में विमानों के करतब देखने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग घाटों पर पहुंच गए थे।
पीएम मोदी ने किया वाराणसी का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह करीब 10:10 बजे वाराणसी पहुंचे। उन्होंने मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद मिल की नई यूनिट का उद्घाटन किया और महिला कर्मचारियों से बातचीत की।

इसके बाद वह नमो घाट पहुंचे, जहां Air Show का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान लोगों की तबीयत बिगड़ने के कारणों और प्रभावित लोगों की स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी की पुष्टि संबंधित अधिकारियों से होना बाकी है।


