उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने गायक Daler Mehndi से माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी उनसे माफी मांगने को कहता है, तो वह अपने पद से इस्तीफा देना पसंद करेंगे। देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि उनके लिए किसी भी पद से ज्यादा आत्मसम्मान महत्वपूर्ण है।

उन्होंने उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें मीका सिंह की टीम ने कहा था कि मंत्री ने फोन पर Daler Mehndi से माफी मांग ली है। इस बयान के बाद विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
18 अक्टूबर को म्यूजिकल इवेंट में शुरू हुआ था विवाद
मामला 18 अक्टूबर को टिहरी के सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का है। कार्यक्रम में Daler Mehndi की परफॉर्मेंस के दौरान सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए थे। उन्होंने गायक पर शराब पीकर आने और लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक करने का आरोप लगाया था। मंत्री के इस व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और कई लोगों ने इसकी आलोचना की।

इसके बाद Daler Mehndi के भाई और गायक मीका सिंह ने मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की थी। मीका ने दावा किया था कि दलेर की तबीयत खराब थी और उन्होंने इसके बावजूद करीब डेढ़ घंटे तक प्रस्तुति दी। उन्होंने यह भी कहा था कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते।
मीका की टीम ने किया था फोन पर माफी का दावा
विवाद के बाद मीका सिंह की टीम ने हाल ही में दावा किया था कि सुबोध उनियाल ने फोन करके Daler Mehndi से माफी मांग ली है। हालांकि, मंत्री के ताजा बयान ने इस दावे को नकार दिया है।

घटना के बाद शिल्पा शेट्टी, अनुपम खेर, राजपाल यादव, बादशाह और कपिल शर्मा समेत कई कलाकारों ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। फिलहाल मंत्री के बयान के बाद दलेर मेहंदी और मीका सिंह की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर नजर बनी हुई है।

