बॉलीवुड एक्ट्रेस Sara Ali Khan एक बार फिर केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनके मंदिर जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश के इस्लामिक धर्मगुरु मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा के खिलाफ फतवा जारी किया है। मौलाना का कहना है कि शरीयत के अनुसार दूसरे धर्म के धार्मिक स्थलों पर पूजा-पाठ करना जायज नहीं है।

उन्होंने Sara Ali Khan को इस काम के लिए गुनहगार बताते हुए तौबा करने और अल्लाह से माफी मांगने की सलाह दी है। दरअसल, सारा 25 अक्टूबर को केदारनाथ मंदिर पहुंची थीं, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए। उनकी मंदिर परिसर में दर्शन के इंतजार में कतार में खड़े होने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए थे।
मौलाना ने क्या कहा? क्यों शुरू हुआ विवाद?
मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि कई लोग उनसे Sara Ali Khan के केदारनाथ में पूजा करने को लेकर सवाल पूछ रहे थे। इस पर उन्होंने दावा किया कि शरीयत की नजर में ऐसे काम नाजायज और हराम हैं। उन्होंने एक्ट्रेस से अपने इस कदम के लिए माफी मांगने और तौबा करने को कहा है।

वहीं, केदारनाथ मंदिर में गैर-हिंदू श्रद्धालुओं के प्रवेश को लेकर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के नियम भी चर्चा में हैं। समिति ने पूजा करने के इच्छुक गैर-हिंदू लोगों के लिए एफिडेविट जमा करना जरूरी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सारा की टीम ने उनके मंदिर पहुंचने से पहले जरूरी एफिडेविट जमा कर दिया था।
सारा का केदारनाथ से है खास रिश्ता
Sara Ali Khan का केदारनाथ से पुराना जुड़ाव रहा है। उनकी पहली फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग भी इसी धाम और आसपास के इलाकों में हुई थी। इसके बाद से वह कई बार बाबा केदार के दर्शन करने पहुंच चुकी हैं। साल 2024 में भी उन्होंने एक वीडियो साझा कर इस जगह के प्रति अपनी श्रद्धा जाहिर की थी।

Sara Ali Khan ने बताया था कि जब वह पहली बार केदारनाथ आई थीं, तब वह एक्ट्रेस भी नहीं बनी थीं और इस जगह के महत्व को पूरी तरह नहीं समझती थीं। उन्होंने अपनी इच्छा जताई थी कि बाबा केदार का बुलावा उन्हें हमेशा मिलता रहे। अब उनकी इसी धार्मिक यात्रा को लेकर सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में नई बहस छिड़ गई है।


