दिवाली और छठ पूजा पर बिहार जाने वाले यात्रियों को जल्द राहत मिल सकती है। दिल्ली सरकार दिल्ली से बिहार के बीच सीधी DTC बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। योजना है कि पहले चरण में 2 से 3 रूट्स पर DTC बसें चलाई जाएं और यात्रियों की मांग के आधार पर बाद में इसका विस्तार किया जाए।
18 रूट्स का प्रस्ताव
दिल्ली परिवहन विभाग ने बिहार के शहरों को जोड़ने के लिए 18 अंतरराज्यीय रूट्स प्रस्तावित किए हैं। इनमें पटना, बिहार शरीफ, अररिया, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और नवादा समेत कई शहर शामिल हैं। प्रस्तावित परिवहन समझौते पर मिले सुझावों की समीक्षा के लिए कमिटी बनाई गई है। इसकी रिपोर्ट के बाद शुरुआती रूट, किराया और बस संचालन से जुड़ी शर्तों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
ट्रेन टिकट न मिलने पर मिलेगा विकल्प
त्योहारी सीजन में दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में सीधी DTC बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को सफर का एक और विकल्प मिलेगा। फिलहाल दोनों राज्यों के बीच बड़ी संख्या में निजी बसें चलती हैं। प्रस्ताव में प्रदूषण मानकों का भी ध्यान रखा गया है। CNG और इलेक्ट्रिक बसों के साथ अंतरराज्यीय रूट पर चलने वाली डीजल बसों के लिए BS-VI या उससे बेहतर उत्सर्जन मानक जरूरी होंगे।


