दिल्लीवासियों के लिए इस बार Diwali Festival कुछ खास होने वाला है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 6 और 7 नवंबर को दिल्ली सरकार की ओर से दो दिवसीय Diwali Festival आयोजित किया जाएगा। ‘दिल्ली की दीपावली-सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ थीम पर होने वाले इस कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

खास बात यह है कि 7 नवंबर को मेगा ड्रोन शो और भजन क्लबिंग का आयोजन होगा, जो इस उत्सव के मुख्य आकर्षण रहेंगे। दिल्ली पर्यटन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद लोगों को एक साथ जोड़कर दीपावली को यादगार बनाना है।
रंगोली, फोटोग्राफी और रील प्रतियोगिता में मिलेंगे लाखों के पुरस्कार
Diwali Festival को खास बनाने के लिए दिल्ली पर्यटन ने तीन प्रतियोगिताएं भी रखी हैं। इनमें RWA रंगोली, फोटोग्राफी और रील प्रतियोगिता शामिल हैं। तीनों प्रतियोगिताओं के लिए कुल 12.63 लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए हैं।

रील प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार 1.51 लाख रुपये, फोटोग्राफी में 1.01 लाख रुपये और रंगोली प्रतियोगिता में 71 हजार रुपये दिया जाएगा। रंगोली प्रतियोगिता में पंजीकृत RWA पर्यावरण के अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करेंगी।
6 नवंबर तक भेजें अपनी एंट्री, ऐसे ले सकते हैं हिस्सा
फोटोग्राफी और रील प्रतियोगिता में लोग Diwali Festival से जुड़े अपने खास पलों को तस्वीरों और अधिकतम 45 सेकंड की रील के जरिए दिखा सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी 6 नवंबर की आधी रात तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।

प्रतियोगिताओं में भाग लेने से जुड़ी जानकारी और दिशा-निर्देश दिल्ली पर्यटन के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर उपलब्ध हैं। ऐसे में इस बार कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क रोशनी, संगीत, संस्कृति और रचनात्मकता के रंगों से जगमगाने वाला है।


