दिल्लीवासियों के लिए यमुना में Cruise Safari का इंतजार खत्म होने जा रहा है। राजधानी में 4 नवंबर से नमो यमुना क्रूज सफारी शुरू होने की तैयारी है। यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब 6 किलोमीटर के जलमार्ग पर चलेगा। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के मुताबिक, क्रूज का ट्रायल पूरा हो चुका है और जल्द ही आम लोगों को इसकी सवारी का मौका मिलेगा।

एक बार में करीब 40 यात्री इसमें सफर कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, पूरी Cruise Safari में लगभग 35 से 45 मिनट का समय लगेगा। इस पहल का उद्देश्य यमुना को पर्यटन से जोड़ना और दिल्ली में मनोरंजन के नए विकल्प तैयार करना है।
500 रुपये होगा टिकट, 50 रुपये लगेगा प्रवेश शुल्क
नमो Cruise Safari सफारी की एक पूरी यात्रा के लिए प्रस्तावित टिकट कीमत 500 रुपये रखी गई है। इसके अलावा परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये अलग से देने होंगे। टिकट की बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी।

यहां पहुंचने के लिए यात्री पिंक लाइन के नानकसर-सोनिया विहार मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा जगतपुर-वजीराबाद मेट्रो स्टेशन से भी क्रूज स्थल तक पहुंचने का विकल्प बताया गया है।
क्रूज के साथ मिलेंगी पिकनिक और मनोरंजन की सुविधाएं
यमुना Cruise Safari को केवल नाव की सवारी तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसके आसपास परिवारों और पर्यटकों के लिए पिकनिक स्थल विकसित करने की योजना है।

यहां रेस्टोरेंट, फूड कियोस्क, बच्चों के खेलने की जगह, म्यूजिकल फाउंटेन और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना से दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


