भारत के Essar Group ने अमेरिका में बड़ा औद्योगिक निवेश करने का ऐलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि Essar की अमेरिकी कंपनी Mesabi Metallics आयोवा में करीब 15 अरब डॉलर की लागत से एक विशाल स्टील प्लांट बनाएगी। यह परियोजना Essar के अमेरिका में करीब 18 अरब डॉलर के कुल निवेश का हिस्सा है। ट्रंप ने इसे अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बताया है। परियोजना में शुरुआती दौर में करीब 7.5 मिलियन टन स्टील सालाना उत्पादन की योजना है, जिसे पूरी तरह विकसित होने पर करीब 10 मिलियन टन तक बढ़ाया जा सकता है। उत्पादन 2030 में शुरू होने की उम्मीद है।
मिनेसोटा की खदान से आएगा आयरन ओर, बनेंगे हजारों रोजगार
यह प्लांट अमेरिका की एकीकृत स्टील सप्लाई चेन का हिस्सा होगा। इसके लिए आयरन ओर Essar की मिनेसोटा स्थित नई खदान से लाया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, परियोजना से 1,750 से ज्यादा स्थायी नौकरियां और निर्माण के दौरान करीब 6,000 तक रोजगार पैदा हो सकते हैं। ट्रंप ने अमेरिकी स्टील उद्योग में तेजी के पीछे स्टील आयात पर लगाए गए 50% टैरिफ को भी प्रमुख कारण बताया। Essar Group के चेयरमैन रिवंत रुइया ने अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन का आभार जताया।

