कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष Sonia Gandhi ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में पार्टी के कई दिग्गज नेताओं से जुड़े दिलचस्प अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह को सबसे समझदार और अनुभवी नेताओं में से एक बताया है।

Sonia Gandhi के मुताबिक, अर्जुन सिंह बैठकों में सभी की बातें ध्यान से सुनते थे और फिर कम शब्दों में अपनी बात रखकर मुद्दे की अहमियत स्पष्ट कर देते थे। वहीं, उन्होंने अपने राजनीतिक सचिव रहे अहमद पटेल को पार्टी का भरोसेमंद संकटमोचक बताया, जो असंतुष्ट नेताओं को सुनने से लेकर गठबंधन के सहयोगियों के बीच तालमेल बनाने तक की जिम्मेदारी संभालते थे।
प्रणब मुखर्जी, एके एंटनी और शीला दीक्षित का भी किया जिक्र
Sonia Gandhi ने किताब में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की शानदार याददाश्त और इतिहास, विश्व राजनीति की गहरी समझ की तारीफ की है। वहीं, एके एंटनी को सादगी पसंद और समझदार सलाहकार बताया।

उन्होंने ऑस्कर फर्नांडिस की कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता और अंबिका सोनी के संगठनात्मक अनुभव को भी याद किया। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के साथ अपने करीबी रिश्तों का जिक्र करते हुए सोनिया ने उनकी गर्मजोशी और संगठन के मामलों में सख्त रवैये की चर्चा की। उन्होंने प्रिय रंजन दासमुंशी और माधवराव सिंधिया को भी अपने राजनीतिक सफर में मददगार सहयोगियों के रूप में याद किया।
पुराने साथियों को याद कर भावुक हुईं सोनिया
किताब में Sonia Gandhi ने बताया है कि कांग्रेस में अपने शुरुआती राजनीतिक दिनों के दौरान इन नेताओं के अनुभव और सहयोग ने उन्हें पार्टी को समझने में काफी मदद की। अहमद पटेल के निधन से पार्टी में पैदा हुए खालीपन का भी उन्होंने जिक्र किया है।

इन संस्मरणों के जरिए सोनिया ने सिर्फ कांग्रेस की राजनीति से जुड़े पुराने किस्से ही साझा नहीं किए, बल्कि उन नेताओं के व्यक्तित्व, काम करने के तरीके और उनके साथ बने व्यक्तिगत रिश्तों की झलक भी पेश की है।


