भारतीय शिक्षा प्रणाली में अब छात्रों को देश की समकालीन उपलब्धियों और बदलती वैश्विक भूमिका से भी रूबरू कराया जा रहा है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष शिक्षण मॉड्यूल तैयार किए हैं।

नियमित NCERT पाठ्यपुस्तकों के पूरक के रूप में तैयार इन मॉड्यूल में भारत की G-20 अध्यक्षता, चंद्रयान मिशन, ‘विकसित भारत’ और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर देश की आधुनिक उपलब्धियों और वैश्विक पहचान से जोड़ना है।
ऑपरेशन सिंदूर से लेकर स्वदेशी रक्षा तकनीक तक की जानकारी
इन NCERT मॉड्यूल का एक अहम हिस्सा मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर है। इसे शौर्य और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण घटना के रूप में दो अलग-अलग मॉड्यूल के जरिए पढ़ाया जा रहा है।

कक्षा 3 से 8 और कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए तैयार सामग्री में भारतीय सेना के समन्वय, स्वदेशी रक्षा तकनीक और देश की सैन्य क्षमताओं की जानकारी दी गई है। इसमें ब्रह्मोस मिसाइल, S-400 और आकाश जैसी वायु रक्षा प्रणालियों का भी उल्लेख है।
G-20 और विकसित भारत पर भी रहेगा फोकस
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत तैयार इस NCERT शैक्षिक सामग्री में भारत की वैश्विक कूटनीति और नेतृत्व को भी जगह दी गई है। G-20 शिखर सम्मेलन, ‘नारी शक्ति वंदन’ और ‘विकसित भारत’ जैसे विषयों के जरिए छात्रों को देश की अंतरराष्ट्रीय भूमिका और विकास की दिशा समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर यह पहल शिक्षा के बदलते स्वरूप की ओर ध्यान खींचती है, जहां इतिहास और किताबी ज्ञान के साथ विज्ञान, कूटनीति, तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी समकालीन घटनाओं को भी पढ़ाई का हिस्सा बनाया जा रहा है।


