अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भारत के साथ Trade Deal को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देश Trade Deal को अंतिम रूप देने के काफी करीब हैं और यह समझौता अमेरिका के पिछले व्यापार समझौतों से काफी अलग होगा।

ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भारत भी समझौता करना चाहता है और अमेरिका भी इसके लिए तैयार है। उनके इस बयान से दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ता को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।
मार्को रुबियो के भारत दौरे से बढ़ी उम्मीदें
ट्रंप का यह बयान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के भारत दौरे के बीच आया है। रुबियो ने भारत के साथ व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत की।

उनके दौरे को भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में Trade Deal को लेकर ट्रंप का बयान दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों के लिहाज से अहम है।
पीयूष गोयल और अमेरिकी अधिकारियों के बीच भी बातचीत
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर बातचीत लगातार जारी है। इस महीने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर के साथ समझौते के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की थी।

दोनों देशों ने फरवरी में व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा तैयार करने की घोषणा की थी, लेकिन अमेरिकी आयात शुल्क से जुड़े नियमों में बदलाव के कारण वार्ता आगे बढ़ानी पड़ी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों देश किन शर्तों पर सहमत होते हैं और नई Trade Deal से भारत-अमेरिका व्यापार को कितना फायदा मिलता है।

