दिल्ली के ऐतिहासिक Gurdwara Bangla Sahib में प्रदर्शनकारियों की नारेबाजी और पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद बढ़ गया है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दी है।

वहीं, AAP ने Gurdwara Bangla Sahib परिसर में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के जूते और लाठी-डंडों के साथ दाखिल होने पर सवाल उठाए हैं। इस मामले ने सिख राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज कर दिए हैं।
DSGMC का आरोप- नारेबाजी के लिए भेजे गए कार्यकर्ता
हरमीत सिंह कालका और जगदीप सिंह काहलों के मुताबिक, कुछ लोग थैलों में बैनर और नारे लिखी तख्तियां लेकर Gurdwara Bangla Sahib परिसर में पहुंचे और राजनीतिक नारेबाजी की। दोनों नेताओं ने इसे सोची-समझी योजना बताते हुए आरोप लगाया कि बाद में सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो के जरिए गुरुद्वारा साहिब की छवि खराब करने की कोशिश की गई।

उन्होंने अरविंद केजरीवाल और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित डीसीपी कार्यालय में शिकायत देने की जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायत मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
AAP ने पुलिस की एंट्री पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक सरदार जरनैल सिंह ने Gurdwara Bangla Sahib परिसर में पुलिसकर्मियों के जूते और डंडों के साथ दाखिल होने पर आपत्ति जताई। पार्टी ने इसके लिए केंद्र की बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इस घटना से सिख समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

वहीं, DSGMC के पूर्व अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने भी Gurdwara Bangla Sahib में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के प्रवेश पर सवाल उठाते हुए मौजूदा प्रबंधन की भूमिका पर चिंता जताई। फिलहाल, मामले में पुलिस जांच जारी है और दोनों पक्षों के आरोपों के बीच यह विवाद धार्मिक स्थल की मर्यादा, राजनीतिक गतिविधियों और पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा में है।


