आतंकी संगठन अल-कायदा ने FlyDubai की उड़ान FZ1073 से जुड़ी घटना की तारीफ करते हुए अमेरिकी और इजरायली नागरिकों को विमानों में निशाना बनाने की धमकी दी है। संगठन के समर्थकों की ओर से प्रकाशित साप्ताहिक ‘अल-बयान’ के ताजा अंक में 9/11 हमलों का हवाला देते हुए कहा गया कि “युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है।” लेख में अमेरिका और इजरायल के साथ-साथ इस्लाम के विरोधी माने जाने वाले लोगों को ले जा रहे विमानों को संभावित निशाना बताया गया है। प्रकाशन में 11 सितंबर 2001 के हमलों और FlyDubai की हालिया घटना से जुड़ी तस्वीरें भी इस्तेमाल की गईं।

‘अमेरिका का अंत होगा’—टेलीग्राम पर भी फैलाया गया संदेश
अल-कायदा समर्थित लेख में अमेरिका के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और हिंसक बयान भी दिए गए। संगठन के समर्थक टेलीग्राम चैनलों पर इस सामग्री को प्रसारित करते रहे, हालांकि बाद में पोस्ट हटा दी गई। इस बयानबाजी ने सुरक्षा एजेंसियों और आतंकवाद पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि संगठन ने पुराने 9/11 हमलों की याद दिलाते हुए विमान आधारित हमलों की भाषा का इस्तेमाल किया है।

को-पायलट के सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा शक
FlyDubai घटना में शामिल बताए जा रहे को-पायलट हमाम अल-हम्मामी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियां भी जांच के दायरे में हैं। घटना के कुछ घंटों बाद उनके लिंक्डइन प्रोफाइल से ऐसी पोस्ट सामने आने की बात कही गई, जिनमें अल-कायदा के पूर्व प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी और आतंकी हुमाम अल-बलावी से संबंधित तस्वीरें व वीडियो थे।

अल-जवाहिरी ने ओसामा बिन लादेन के बाद अल-कायदा की कमान संभाली थी और 2022 में मारा गया था, जबकि अल-बलावी ने अफगानिस्तान में CIA अधिकारियों को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया था। इन सोशल मीडिया गतिविधियों के सामने आने के बाद FlyDubai घटना और अल-कायदा के बीच संभावित कनेक्शन को लेकर जांच और गहरी हो गई है।

