झारखंड के देवघर के दर्दमारा में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा विस्तार मिला है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने 570 बेड वाले पीडी हिंदुजा मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अस्पताल के शुरू होने से देवघर समेत पूरे संथाल परगना क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। अस्पताल की मौजूदा क्षमता 570 बेड की है। भविष्य में इसे 650 बेड तक बढ़ाने की योजना है। इसके साथ ही इसे मेडिकल कॉलेज के रूप में भी विकसित करने की तैयारी है। इससे क्षेत्र में आधुनिक इलाज के साथ मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और हिंदुजा अस्पताल की साझेदारी
यह मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के संयुक्त प्रयास का हिस्सा है। इसका उद्देश्य देवघर और आसपास के क्षेत्रों में आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उद्घाटन समारोह में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे और ट्रस्ट की चेयरपर्सन अनामिका गौतम समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौतम अदाणी ने कालीघाट मंदिर में की पूजा
इसी बीच अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी बृहस्पतिवार को कोलकाता पहुंचे। उन्होंने सुबह प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना कर देवी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उनके अस्पताल के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम बताया गया है। भाजपा के राज्य की सत्ता में आने के बाद अदाणी की यह पहली कोलकाता यात्रा बताई गई है। पूजा-अर्चना के बाद उनके कई आधिकारिक कार्यक्रम निर्धारित हैं।


