दिल्ली में Yamuna नदी को साफ और सुंदर बनाने के लिए सरकार एक नई पहल की तैयारी कर रही है। जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के मुताबिक, सरकार की योजना है कि लोग यमुना किनारे अपने परिवार और दोस्तों के साथ जन्मदिन मना सकें।

इसके लिए रिवरफ्रंट को विकसित करने पर काम किया जाएगा। इस पहल का मकसद सिर्फ Yamuna को आकर्षक बनाना नहीं, बल्कि लोगों को नदी की सफाई के प्रति जागरूक करना भी है। सरकार चाहती है कि लोग यहां समय बिताएं और जश्न के बाद कचरा उठाकर नदी को साफ रखने में योगदान दें।
‘चलो यमुना’ अभियान में 87 टन कचरा साफ
मंत्री के अनुसार, 18 अक्टूबर को चलाए गए ‘चलो यमुना’ सफाई अभियान में करीब 35 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। वजीराबाद के सूर घाट से लेकर सिग्नेचर ब्रिज, Yamuna बाजार, आईटीओ, निजामुद्दीन, सराय काले खां और चिल्ला तक नदी के दोनों किनारों पर 70 घाटों की सफाई की गई।

इस अभियान में दिल्ली के निवासी, RWA सदस्य, सफाईकर्मी, छात्र और अलग-अलग NGO के स्वयंसेवक शामिल हुए। मंत्री ने बताया कि इस बार अभियान के दौरान 87 टन कचरा हटाया गया, जबकि पिछली बार एक दिन में 110 टन कचरा निकाला गया था।
‘बर्थडे विद यमुना’ से सफाई को बढ़ावा देने की तैयारी
दिल्ली सरकार की योजना अगले विधानसभा चुनाव से पहले Yamuna की सफाई में तेजी लाने और रिवरफ्रंट के एक चरण को विकसित करने की है। इसी दिशा में ‘बर्थडे विद यमुना’ जैसी पहल पर विचार किया जा रहा है, ताकि लोग नदी से जुड़ाव महसूस करें और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी समझें।

हालांकि, बर्थडे सेलिब्रेशन की सुविधा कब और किन जगहों पर शुरू होगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने आनी बाकी है। अगर यह योजना लागू होती है, तो यमुना किनारे घूमने और पारिवारिक कार्यक्रमों के नए अवसर मिल सकते हैं, साथ ही नदी को साफ रखने का संदेश भी मजबूत होगा।


