दिवाली से पहले दिल्ली की सड़कें नई Smart lights से रोशन होने जा रही हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पहले चरण में 20 हजार पुरानी और खराब स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट LED लाइटों से बदलने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद जनवरी 2027 तक राजधानी की सड़कों पर करीब 1 लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना है। पूरी परियोजना पर करीब 473.24 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
हर लाइट की होगी रियल टाइम निगरानी
PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के मुताबिक नई व्यवस्था की खासियत सेंट्रलाइज्ड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर होगी। इसके जरिए स्ट्रीट लाइटों की रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी और खराबी आने पर तुरंत पता चल जाएगा। 5 अक्टूबर से कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम की स्थापना का काम शुरू करने और 11 अक्टूबर तक SCADA कंट्रोल रूम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे खराब लाइट की जानकारी के लिए लोगों की शिकायत का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
1400 किमी से ज्यादा PWD सड़कों पर बदलेगी व्यवस्था
दिल्ली में PWD के 1400 किमी से अधिक सड़क नेटवर्क पर करीब 51,160 पोल्स और 96 हजार से ज्यादा Smart lights हैं। पुरानी HPSV और LED लाइटों की जगह ऊर्जा दक्ष स्मार्ट LED लगाने के साथ करीब 5 हजार नए पोल भी लगाए जाने हैं। अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था से बिजली और रखरखाव के खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है। परियोजना में पांच साल का ऑपरेशन और मेंटेनेंस भी शामिल है।

