सरकार ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मेट्रो को जागरूकता का माध्यम बनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ITO मेट्रो स्टेशन से विशेष रूप से तैयार की गई मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस अभियान के तहत 5 मेट्रो ट्रेनों के 36 कोच सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं के संदेशों से सजाए गए हैं।
5 मेट्रो लाइनों पर पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
सरकार के मुताबिक, यह ट्रेनें रेड, येलो, ब्लू, ग्रीन और वॉयलेट लाइन पर चलेंगी। इन पांच लाइनों के जरिए अभियान दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के करीब 67 फीसदी हिस्से तक पहुंचेगा। मकसद यह है कि योजनाओं की जानकारी सिर्फ सरकारी दफ्तरों या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक सीमित न रहे, बल्कि रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले लोगों तक भी पहुंचे।
इन योजनाओं की मिलेगी जानकारी
मेट्रो कोचों में आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, दिल्ली लक्ष्मी योजना, सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड और अटल कैंटीन योजना जैसी पहलों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा MSME के लिए बिना गारंटी 10 करोड़ रुपये तक के ऋण, दिल्ली EV पॉलिसी के लाभ, 1,511 अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण और स्वच्छ यमुना मिशन से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
हर 5 मिनट में डिजिटल स्क्रीन पर संदेश
अभियान केवल मेट्रो कोचों तक सीमित नहीं है। मेट्रो नेटवर्क की डिजिटल स्क्रीन और वीडियो वॉल पर सरकारी योजनाओं से जुड़े संदेश हर पांच मिनट में 15 सेकंड के लिए दिखाए जाएंगे। स्टेशनों पर स्थायी पब्लिसिटी पैनल भी लगाए जा रहे हैं।
क्या है ‘सेवा संकल्प अभियान’?
दिल्ली सरकार का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से शुरू हुआ महीने भर का जनसेवा और जनजागरूकता अभियान है। इसके तहत स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, श्रमिक पंजीकरण, स्वच्छता, पौधरोपण और सरकारी योजनाओं से जुड़े आउटरीच कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।


