पतंजलि के उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच योग गुरु बाबा रामदेव ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर पतंजलि के किसी भी उत्पाद में मिलावट साबित होती है तो उन्हें चौराहे पर फांसी दे दी जाए। रामदेव ने मिलावट को गंभीर अपराध बताते हुए इसके खिलाफ सख्त कानून की मांग की।
‘पतंजलि के उत्पादों की जांच करा सकते हैं’
बाबा रामदेव ने पतंजलि के गाय के घी और दवाइयों की शुद्धता पर भरोसा जताते हुए कहा कि इनकी किसी भी लैब में जांच कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता से जुड़े सवालों का जवाब जांच के जरिए दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि करोड़ों लोग पतंजलि के उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं और किसी भी जांच में उनके उत्पाद या दवाएं कमतर साबित नहीं हुई हैं।
मिलावट पर सख्त कानून की मांग
रामदेव ने खाद्य पदार्थों में मिलावट को गंभीर अपराध बताते हुए कड़े कानून और सजा की वकालत की। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए भारत में भी मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई।
बृजभूषण विवाद पर भी दी सफाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े विवाद पर भी रामदेव ने कहा कि दोनों के बीच बातचीत हो चुकी है और मामला अब खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि वह किसी विवाद को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।
भारतीय शिक्षा बोर्ड का लक्ष्य
रामदेव ने बताया कि भारतीय शिक्षा बोर्ड से देश के 4 से 5 लाख स्कूलों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अभियान, शिक्षा और समाज कल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।


