Asian Games 2026 का छठा दिन भारत के लिए शूटिंग के लिहाज से बेहद खास रहा। सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 का स्कोर बनाया और दक्षिण कोरिया की जोड़ी को 6.6 अंकों से पीछे छोड़ा। यह भारत का टूर्नामेंट में दूसरा गोल्ड मेडल है।
50 मीटर राइफल में सिल्वर, दो और मेडल पक्के
भारत ने पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल हासिल किया। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार की तिकड़ी ने 1762 अंक जुटाए, जबकि चीन 1766 अंकों के साथ गोल्ड जीतने में सफल रहा। शूटिंग के अलावा टेबल टेनिस और स्क्वैश में भी भारत के लिए अच्छी खबर आई। दिया चितले-मानुष शाह और जोशना चिनप्पा-वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ियां मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर चुकी हैं।


