अमेरिका के इलिनॉय राज्य में हिंदू मंदिर पर कथित सामूहिक गोलीबारी की साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पैलेटाइन निवासी 19 वर्षीय Alexandros पापोराकिस पर ऑरोरा स्थित एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की योजना बनाने का आरोप है।

जांचकर्ताओं का कहना है कि 11 अक्टूबर को वह हथियारों और अन्य सामान के साथ मंदिर पहुंचा था। Alexandros कथित तौर पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन बंदूक जाम हो गई, जिसके बाद वह वहां से लौट गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सहकर्मी की सूचना से खुला मामला, घर से मिले हथियार
पुलिस को आरोपी Alexandros के एक सहकर्मी ने संदिग्ध संदेशों की जानकारी दी थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। तलाशी के दौरान उसके घर से राइफल, भरी हुई मैगजीन, सैकड़ों कारतूस और बुलेटप्रूफ सुरक्षा उपकरण बरामद किए गए।

जांच में एक कथित दस्तावेज भी सामने आया, जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचारों और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का जिक्र होने की बात कही गई है। मामले की जांच में FBI ने भी सहायता की।
गंभीर आरोप, अदालत ने हिरासत में रखने का दिया आदेश
आरोपी Alexandros पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं। अदालत ने सुनवाई के दौरान उसे फिलहाल हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके के हिंदू मंदिरों को सतर्क भी किया। हालांकि, हमले की साजिश और उससे जुड़े सभी आरोप जांच के अधीन हैं।

