दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाएं बढ़ाने का फैसला किया है। 22 अक्टूबर 2026 से सोमवार से शुक्रवार तक मेट्रो नेटवर्क पर रोजाना 20 अतिरिक्त ट्रिप चलाई जाएंगी। इसका मकसद लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से सफर करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू होने के बाद यह फैसला लिया गया है। दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद प्रदूषण कम करने के उपाय तेज किए जा रहे हैं।
मेट्रो की अतिरिक्त ट्रिप चलाने के साथ DMRC अपने निर्माण स्थलों और आसपास की सड़कों पर भी सफाई और धूल नियंत्रण का अभियान तेज करेगा। इसके तहत सड़कों से धूल हटाई जाएगी और फुटपाथों व सड़क के डिवाइडर पर जमा कचरे को साफ किया जाएगा।

DMRC के इंजीनियर निर्माण स्थलों का निरीक्षण भी करेंगे। वे जांच करेंगे कि निर्माण सामग्री ठीक से ढकी हुई है या नहीं और निर्माण स्थलों से बाहर निकलने वाले वाहनों के पहिए धोने की व्यवस्था सही तरीके से काम कर रही है या नहीं।
DMRC के मुताबिक, निर्माण स्थलों, मेट्रो स्टेशनों और कार्यालयों में 250 से ज्यादा एंटी-स्मॉग गन और मिस्ट गन भी लगाई गई हैं। इन उपायों के जरिए धूल कम करने और दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जा रही है।



