दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय स्थानों की सूची से हटा दिया है। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख Abhijeet Deepke और सह-संयोजक सौरव दास ने फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है। Abhijeet Deepke ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।”

वहीं, सौरव दास ने इस फैसले को लोगों के शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होने और विरोध जताने के मौलिक अधिकार पर हमला बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह फैसला लेने से पहले गृह मंत्रालय ने आम लोगों, संगठनों और संबंधित पक्षों से सलाह ली थी।
जंतर-मंतर की जगह अब इन 3 स्थानों पर होंगे प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की ओर से जारी स्थायी आदेश के मुताबिक, अब राजधानी में धरना-प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी ने प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक जगहों की समीक्षा की थी और उसकी सिफारिशों के आधार पर यह बदलाव किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इन तीनों स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अलग से जारी की जाएगी। यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी पुराने स्थायी आदेश में आंशिक बदलाव करता है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी कर रही थी CJP
जंतर-मंतर से जुड़ा यह फैसला ऐसे समय आया है, जब CJP और Abhijeet Deepke वहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए नई तारीख मांगने की तैयारी कर रही थी। संगठन के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा था कि वह सौरव दास, कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह, Abhijeet Deepke और अन्य नेताओं के साथ संसद मार्ग थाने जाकर प्रदर्शन की अनुमति के लिए संपर्क करेंगे।

रांका ने यह भी कहा था कि यदि 24 घंटे के भीतर तारीख नहीं दी गई, तो संगठन नए प्रदर्शन का आह्वान करेगा। अब जंतर-मंतर को निर्धारित स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद CJP के अगले कदम पर नजर रहेगी।


