दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजधानी के सभी 15 जिलों में कार्रवाई करते हुए आपराधिक रिकॉर्ड वाले 40 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले CJP प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स अलर्ट पर हैं।

पुलिस उन लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है, जिन पर प्रदर्शन के लिए भीड़ जुटाने या लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रभावित करने का संदेह है। एहतियात के तौर पर कुछ लोगों के घरों के बाहर निगरानी भी बढ़ाई गई है।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा सख्त, दिल्ली पुलिस अलर्ट
प्रस्तावित CJP प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के संवेदनशील इलाकों और सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है।

अधिकारियों की नजर उन संभावित गतिविधियों पर भी है, जिनसे राजधानी में सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों के तहत अलग-अलग स्तर पर निगरानी की जा रही है।
गृह मंत्रालय का राज्यों के DGP को निर्देश
गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जरूरी एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है। केंद्रीय गृह सचिव ने राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (DGP) को भेजे पत्र में खुफिया एजेंसियों, सीमा पर तैनात अधिकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच लगातार जानकारी साझा करने पर जोर दिया है।

मंत्रालय ने कहा है कि विभिन्न राज्यों से दिल्ली में अनधिकृत प्रवेश और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए समय रहते कार्रवाई की जाए। पत्र के मुताबिक, CJP की ओर से प्रस्तावित सभा की अनुमति खारिज कर दी गई है और सभा पर प्रतिबंध लगाया गया है। गृह मंत्रालय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने को संवैधानिक जिम्मेदारी बताते हुए निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।

