तिरुपति लड्डू प्रसादम में इस्तेमाल होने वाले घी की कथित मिलावट के मामले में ED ने सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला को गिरफ्तार किया है। ED के मुताबिक, 2019 से 2024 के बीच तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को करीब 230 करोड़ रुपये की कथित फर्जी घी सप्लाई की गई, जिसमें लगभग 96 करोड़ रुपये का मिलावटी घी मंगला की फैक्ट्री में तैयार होने का आरोप है।

पाम ऑयल और केमिकल से तैयार करने का आरोप
ED की जांच के अनुसार, कथित मिलावटी घी में रिफाइंड पाम ऑयल, पाम कर्नेल ऑयल, पामोलिन और कुछ रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल किया गया था। एजेंसी का आरोप है कि इस उत्पाद को Agmark Special Grade Cow Ghee के तौर पर सप्लाई किया गया। जांच में बिक्री और खरीद से जुड़े कथित फर्जी रिकॉर्ड की भी बात सामने आई है।
PMLA के तहत कार्रवाई, जांच जारी
ईडी ने मंगला को PMLA के तहत गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में पहले भी एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच अभी जारी है।

