कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने मंच पर पीएम मोदी के बोलने के अंदाज, हाव-भाव और विदेश नीति से जुड़े प्रसंगों की नकल की। इसी दौरान प्रधानमंत्री की मां से जुड़े एक पुराने प्रसंग का भी जिक्र हुआ। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मंच पर मौजूद थे।

भाजपा ने लगाए गंभीर आरोप
भाजपा नेताओं ने इस प्रस्तुति को प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां के अपमान से जोड़ते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी समेत कई भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की मौजूदगी और कार्यक्रम में हुई टिप्पणियों पर सवाल उठाए। भाजपा की ओर से माफी की मांग भी की गई है।
कांग्रेस ने आरोपों को बताया गलत
वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का मुख्य मुद्दा शिक्षा, रोजगार और छात्रों की समस्याएं था और मिमिक्री को लेकर विवाद खड़ा कर कार्यक्रम के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी वीडियो और प्रतिक्रियाओं के बीच बहस जारी है।

