Mercedes Benz इंडिया ने पुणे के चाकन प्लांट में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV GLC 400 4MATIC का लोकल प्रोडक्शन शुरू कर दिया है। Mercedes Benz की एक्स-शोरूम कीमत ₹78.50 लाख रखी गई है और ग्राहकों को डिलीवरी नवंबर 2026 के मध्य से मिलने की उम्मीद है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक GLC असेंबली लाइन से बाहर आई।

कंपनी के मुताबिक, इस SUV में 94 kWh की बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 711 किलोमीटर तक की WLTP रेंज देती है। इसमें 800-वोल्ट इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर और नई MB.OS टेक्नोलॉजी भी मिलेगी। कंपनी को बुकिंग शुरू होने के शुरुआती 36 घंटों में ही 550 से ज्यादा लोगों की दिलचस्पी मिली।
4.3 सेकंड में 100 की रफ्तार, 10 मिनट में 303 KM चार्जिंग
नई Mercedes Electric GLC में डुअल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं, जो 360 kW की पावर और 800 Nm का टॉर्क पैदा करती हैं। यह SUV महज 4.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

Mercedes Benz में 330 kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है, जिससे अनुकूल परिस्थितियों में सिर्फ 10 मिनट में 303 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 39.1 इंच की MBUX हाइपरस्क्रीन, 942 पिक्सल वाली इल्युमिनेटेड ग्रिल और सितारों वाली SKY CONTROL पैनोरमिक रूफ दी गई है।
भारत में मर्सिडीज-बेंज का बड़ा निवेश
Mercedes Benz ने पुणे के चाकन प्लांट में अब तक करीब ₹3,200 करोड़ का निवेश किया है, जिसमें 2026 के लिए घोषित अतिरिक्त ₹200 करोड़ भी शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, भारत में उसकी 90-93% से ज्यादा कारें स्थानीय स्तर पर तैयार होती हैं और अब तक वह देश में 2.4 लाख से अधिक गाड़ियां बेच चुकी है।

नया इलेक्ट्रिक मॉडल कंपनी की भारतीय EV रणनीति को मजबूती देगा। खास बात यह है कि इसे पेट्रोल और डीजल मॉडल के साथ उसी फ्लेक्सिबल प्रोडक्शन लाइन पर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए कंपनी AI आधारित मैन्युफैक्चरिंग और सोलर एनर्जी क्षमता का भी इस्तेमाल कर रही है।


