Israel में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी तस्वीर बदलती नजर आ रही है। पूर्व सेना प्रमुख और विपक्षी नेता गादी आइजनकोट को दो प्रमुख अरब राजनीतिक दलों का समर्थन मिलने के बाद उनके पक्ष में 67 सांसदों के समर्थन का आंकड़ा पहुंच गया है, जबकि सरकार बनाने के लिए 61 सीटें जरूरी हैं।

दूसरी ओर, Israel के मौजूदा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन के पास 53 सीटें हैं। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग के साथ हुई राजनीतिक दलों की सलाह-मशविरा प्रक्रिया में अरब दलों ने आइजनकोट का नाम आगे रखा। हालांकि, समर्थन के बावजूद सभी दलों के बीच सरकार बनाने को लेकर सहमति नहीं बनी है।
नेतन्याहू के पुराने सहयोगियों ने भी बनाई दूरी
अरब पार्टी राअम के नेता मंसूर अब्बास और 11 सीटों वाले जॉइंट लिस्ट गठबंधन ने Israel के नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए आइजनकोट का समर्थन किया है। जॉइंट लिस्ट ने इसे बेहतर और खराब विकल्प के बजाय दो मुश्किल विकल्पों में से एक चुनने जैसा बताया है। हालांकि, पार्टी ने साफ किया है कि वह सरकार में शामिल होने के बजाय बाहर से समर्थन दे सकती है।

दूसरी तरफ, नेतन्याहू के पुराने सहयोगी यूनाइटेड टोरा जूडिज्म के डेगेल हातोरा धड़े ने भी किसी उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया है। हरेदी समुदाय को अनिवार्य सैन्य सेवा से छूट देने वाला कानून पास न होने से इस धड़े की नेतन्याहू से नाराजगी बताई जा रही है।
कौन हैं गादी आइजनकोट?
गादी आइजनकोट इजराइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने 2015 से 2019 तक सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ की जिम्मेदारी संभाली थी। 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद वह Israel के नेतन्याहू की वॉर कैबिनेट का भी हिस्सा बने। दिसंबर 2023 में गाजा युद्ध के दौरान उन्होंने अपने बेटे को खो दिया।

सेना से रिटायर होने के बाद राजनीति में आए आइजनकोट ने सितंबर 2025 में अपनी मध्यमार्गी पार्टी याशर बनाई। अगर वह प्रधानमंत्री बनते हैं, तो Israel के पहले मिजराही यहूदी प्रधानमंत्री होंगे। फिलहाल सरकार गठन की असली चुनौती अलग-अलग विचारधारा वाले दलों को एक साथ लाना है।

