वोट चोरी और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर INDIA Bloc ने सोमवार को दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत INDIA Bloc के कई बड़े नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकालते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे।

विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर अदालत में याचिका दाखिल की। इस दौरान राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, तेजस्वी यादव और केसी वेणुगोपाल समेत कई नेता मौजूद रहे।
मंडी हाउस के पास रोका गया मार्च, हुई धक्का-मुक्की
INDIA Bloc का मार्च कनॉट प्लेस से सुप्रीम कोर्ट की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इसे मंडी हाउस के पास रोक दिया। आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

बाद में राहुल गांधी का काफिला वहां से आगे बढ़ा और शाम करीब सात बजे राहुल गांधी समेत विपक्ष के कुछ नेता तिलक मार्ग के रास्ते सुप्रीम कोर्ट के गेट बी तक पहुंच गए। याचिका दाखिल करने के बाद नेता वापस लौट गए। इस बीच बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
SIR रद्द करने और मतदाताओं के अधिकारों की मांग
याचिका दाखिल होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर INDIA Bloc मार्च की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि वोट चोरी के खिलाफ इंडिया ब्लॉक की लड़ाई जारी रहेगी। वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि SIR प्रक्रिया रद्द होनी चाहिए और सभी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।

उन्होंने चुनाव रद्द करने और बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग भी रखी। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का रुख अहम होगा, क्योंकि विपक्ष लगातार मतदाता सूची की जांच और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहा है।


