दिल्ली की हवा अगले तीन दिनों में ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच सकती है। रविवार शाम 4 बजे राजधानी का AQI 187 दर्ज किया गया, जबकि सुबह 9 बजे यह 197 था। मुंडका में AQI 273, मथुरा रोड और नरेला में 258, जहांगीरपुरी में 238 और अलीपुर में 229 रहा।
कई अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर 200 के पार दर्ज किया गया। NCR में नोएडा की स्थिति सबसे खराब रही, जहां AQI 281 पहुंच गया। प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में दिल्ली में GRAP के पहले चरण को लागू किए जाने की संभावना है।

7 अक्टूबर के बाद बढ़ सकती है प्रदूषण की परेशानी
CPCB के मुताबिक रविवार का AQI 187 रहा, जो 13 जुलाई के बाद दिल्ली में सबसे खराब स्तरों में से एक है। अनुमान है कि 7 अक्टूबर के बाद करीब छह दिन तक प्रदूषण सामान्य से खराब स्तर पर रह सकता है।
हवा की गुणवत्ता बिगड़ने के पीछे मौसम और हवा की धीमी रफ्तार जैसे कारक अहम हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।

36 डिग्री की गर्मी के बीच मंगलवार को बारिश का अनुमान
प्रदूषण की चिंता के बीच मौसम मंगलवार को थोड़ी राहत दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
इससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। रविवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। आया नगर में तापमान 37 और फरीदाबाद में 37.1 डिग्री तक पहुंचा।

