कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के पाकिस्तान के साथ बातचीत और शांति वार्ता की वकालत वाले बयान पर BJP ने तीखा हमला बोला है। BJP सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि अय्यर भारत सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के लिए एक बार फिर पाकिस्तान जाना चाहते हैं।

BJP सांसद पात्रा ने कहा कि अय्यर भारत में होने वाली रैलियों और विरोध प्रदर्शनों से संतुष्ट नहीं हैं और अब पाकिस्तान जाकर भी मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की अपील करना चाहते हैं। उन्होंने अय्यर के पुराने पाकिस्तान दौरे और वहां दिए गए बयानों का भी जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा।
अय्यर ने सरकार की बातचीत नीति पर उठाए सवाल
दरअसल, मणिशंकर अय्यर ने श्रीनगर में आयोजित पांचवें ‘हल्ला बोल’ सम्मेलन में भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर केंद्र सरकार की नीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने अटारी-वाघा सीमा पर दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू करने की बात कही। अय्यर ने कहा कि पुराने मुद्दों पर बहस करते रहना विदेश नीति नहीं है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास सर्जिकल स्ट्राइक करने की हिम्मत तो है, लेकिन समस्याओं को बातचीत के जरिए सुलझाने की इच्छाशक्ति नहीं है। उन्होंने भारत के रुख को लेकर यह भी कहा कि दुनिया भारत को ‘दोमुंहा’ मान रही है।
संबित पात्रा ने अय्यर पर साधा निशाना
अय्यर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता फिर पाकिस्तान जाकर इंटरव्यू देना चाहते हैं और वहां भारत सरकार के खिलाफ रैलियों की अपील करना चाहते हैं। पात्रा ने आरोप लगाया कि अय्यर के बयान इसी सोच का हिस्सा हैं।

BJP ने उनके बयान को राष्ट्रीय सुरक्षा और पाकिस्तान के प्रति केंद्र सरकार की नीति से जोड़कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। वहीं, अय्यर की ओर से बातचीत की वकालत ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संबंधों और कांग्रेस की विदेश नीति को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।


