पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद Abhishek Banerjee के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास के बाहर देर रात जमकर हंगामा हुआ। Abhishek Banerjee ने आरोप लगाया कि उनके जन्मदिन के जश्न के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर हमला किया और समर्थकों के साथ मारपीट की।

उनके मुताबिक, रात करीब 2 बजे दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसमें ईंट-पत्थर भी फेंके गए। बनर्जी ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि पिछले छह महीनों में उन पर जानलेवा हमले की यह सातवीं कोशिश है। उन्होंने बताया कि झड़प में उनके दो समर्थक घायल हुए हैं, जिनमें एक को गंभीर चोट लगी है और उसे प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत बताई गई है।
अभिषेक के आरोपों पर BJP का जवाब
Abhishek Banerjee ने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास रिवॉल्वर भी थे और यह हमला पहले से योजनाबद्ध था। उन्होंने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की।

वहीं, बीजेपी नेता दिलीप घोष ने इन आरोपों को राजनीतिक ड्रामा बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ”अभिषेक बनर्जी को मारने का वक्त किसके पास है?” घोष के मुताबिक, रात में इस तरह हंगामा करने पर विरोध होना स्वाभाविक है। बीजेपी ने घटना को लेकर TMC के दावों पर सवाल उठाए हैं।
पहले भी रेकी का लगाया था आरोप
यह विवाद अभिषेक बनर्जी के उस दावे के एक दिन बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ अज्ञात लोग पिछले दो दिनों से उनके कार्यालय और आवास की रेकी कर रहे थे। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि कथित निगरानी किसके आदेश पर की जा रही थी।

Abhishek Banerjee ने मामले को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कोलकाता पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय के सामने उठाने की बात कही है। फिलहाल, हमले और रेकी से जुड़े आरोपों पर दोनों पक्षों के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है।


