Gang Canal बंद होने से दिल्ली-NCR, पश्चिमी यूपी और हरिद्वार में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। हरिद्वार से कानपुर तक जाने वाली ऊपरी Gang Canal को सालाना मरम्मत और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए 18 दिनों तक बंद किया गया है।

इसका असर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ समेत उत्तर प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में पेयजल आपूर्ति और खेती की सिंचाई पर पड़ सकता है। नहर को 7 और 8 नवंबर की मध्यरात्रि में दोबारा चालू करने की योजना है। इस दौरान प्रभावित इलाकों में पानी की जरूरत पूरी करने के लिए रेनीवेल और ट्यूबवेल पर निर्भरता बढ़ेगी।
क्यों बंद हुई गंग नहर?
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने मायापुर बैराज से नहर का पानी रोककर मरम्मत का काम शुरू किया है। इस दौरान Gang Canal की सफाई, सिल्ट हटाने, पुराने पुलों की मरम्मत, रंग-रोगन और रेगुलेटरों के रखरखाव जैसे काम किए जाएंगे।

इसके साथ ही हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 को देखते हुए नए घाटों और पुलों के निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है। हालांकि, नहर बंद होने से किसानों और स्थानीय कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। पानी की कमी का असर खेती के साथ हरिद्वार में श्रद्धालुओं की आवाजाही और व्यापार पर भी पड़ने की आशंका है।
हरकी पैड़ी पर स्नान के लिए क्या है व्यवस्था?
Gang Canal बंद रहने के बावजूद हरिद्वार के हरकी पैड़ी घाट पर श्रद्धालुओं के लिए राहत की व्यवस्था की गई है। सिंचाई विभाग के अनुसार, यहां लगातार 200 क्यूसेक गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर भीमगोड़ा बैराज के लिंक चैनल गेट खोलकर पानी की मात्रा बढ़ाई जा सकती है।

वहीं, कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में 7 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके लिए 35 क्षेत्रों, संस्थाओं और विभागों के नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। अभियान में गंगा घाटों, धार्मिक स्थलों, सड़कों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों समेत कई प्रमुख स्थानों की सफाई की जाएगी।


