भारत के काइनान डेरियस चेनाई और नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग के ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया है। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 34 का स्कोर कर कतर की टीम को हराया।
नागोया में हुए मुकाबले में भारतीय जोड़ी क्वालिफिकेशन राउंड में चौथे स्थान पर रही थी। इसके बाद फाइनल में उन्होंने शानदार वापसी की और कतर की मोहम्मद अल-रुमैही और रे बासिल की जोड़ी को हराकर गोल्ड अपने नाम किया।
भारत ने 2026 के फाइनल में 34 का स्कोर किया, जबकि कतर ने 32 अंक के साथ सिल्वर और चीन ने 23 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत के 34 के स्कोर ने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। इससे पहले इस इवेंट का एशियाई रिकॉर्ड 30 अंक था, जो इसी साल जनवरी में कतर की टीम ने बनाया था।
नीरू ढांडा के लिए यह एशियन गेम्स 2026 में दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे एक दिन पहले उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में एशियाई रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता था।
नीरू एशियन गेम्स में व्यक्तिगत ट्रैप मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर भी बनी थीं। अब काइनान चेनाई के साथ मिक्स्ड टीम में गोल्ड जीतकर उन्होंने 24 घंटे के अंदर अपना दूसरा गोल्ड मेडल हासिल किया है।


