उत्तर प्रदेश (UP ) में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 38 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शुक्रवार देर रात जारी आदेश में सीतापुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, मुजफ्फरनगर और बिजनौर समेत पांच जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं।

इसके अलावा UP के लखनऊ और मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, गाजियाबाद और वाराणसी के नगर आयुक्त सहित सात मुख्य विकास अधिकारियों की भी नई तैनाती की गई है। यह फेरबदल मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) से पहले भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत किया गया है।
किस जिले में कौन बनेगा नया जिलाधिकारी?
तबादला सूची के मुताबिक, प्रथमेश कुमार को UP के सीतापुर का नया DM बनाया गया है, जबकि राजागणपति आर को निदेशक सूडा की जिम्मेदारी दी गई है। गौरव सिंह सोगरवाल को महाराजगंज से हटाकर सिद्धार्थनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है और शिवशरणप्पा जीएन को सिद्धार्थनगर से महाराजगंज भेजा गया है।

वहीं, जोगिन्दर सिंह को बिजनौर और सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उमेश मिश्रा और उमेश प्रताप सिंह को क्रमशः नगर विकास और लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में भी बदली जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल में कई बड़े शहरों और विकास प्राधिकरणों में भी बदलाव हुआ है। अनुज सिंह को UP के लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी मिली है। हिमांशु नागपाल गाजियाबाद के नए नगर आयुक्त होंगे और शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है।

इसके अलावा प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में नई जिम्मेदारी दी गई है। निर्वाचन आयोग ने 31 मई 2027 तक एक जिले में तीन साल की सेवा पूरी करने वाले अधिकारियों के तबादले के निर्देश दिए थे। इसी के तहत UP के राज्य सरकार ने यह बड़ा फेरबदल किया है।


