Pakistan के उपप्रधानमंत्री इशाक डार के पोते मोहम्मद रजा डार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लाहौर की एक अदालत ने नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं के कथित अपहरण, गैंगरेप और जबरन वसूली के मामले में रजा डार समेत आठ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है। मामला क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में निवेश से जुड़े विवाद का है।

Pakistan पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों विदेशी महिलाओं की 2025 में सिंगापुर में रजा डार से मुलाकात हुई थी। उन्होंने उसे अपने कारोबार में निवेश का प्रस्ताव दिया था। शुरुआत में मुनाफा मिलने के बाद रजा ने 5 लाख डॉलर से अधिक निवेश किया, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं मिलने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जून 2026 में दोनों महिलाओं को निवेश की रकम लौटाने के बहाने पाकिस्तान बुलाया गया और लाहौर के एक घर में बंधक बना लिया गया।
हथियारों से धमकाया, 19,500 डॉलर ट्रांसफर कराने का आरोप
महिलाओं के आरोपों के मुताबिक, लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में उन्हें हथियारों के दम पर डराया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने उनसे जबरन 19,500 डॉलर यानी करीब 17 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। महिलाओं ने मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज बयानों में यौन और शारीरिक हिंसा के आरोप लगाए।

मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि होने की बात भी सामने आई। बताया गया कि बाद में उन्हें Pakistan एयरपोर्ट ले जाते समय कार का एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद दोनों महिलाओं को मदद मांगने और वहां से निकलने का मौका मिला। पुलिस ने उन्हें संरक्षण दिया और बयान दर्ज करने के बाद वे अपने देशों लौट गईं।
पुलिस जांच में रजा डार को मिली थी राहत, अब अदालत में होगी सुनवाई
इस मामले में Pakistan पंजाब पुलिस ने 3 नवंबर को जांच रिपोर्ट पेश कर रजा डार और उसके चार साथियों को रेप के आरोप से क्लीन चिट दे दी थी। पुलिस ने यौन हिंसा के लिए रजा के तीन कर्मचारियों को जिम्मेदार बताया, जबकि रजा और उसके साथियों पर बंधक बनाने तथा जबरन वसूली के आरोप बनाए रखे।

हालांकि, जांच रिपोर्ट पर पक्षपात के सवाल भी उठे। अब अदालत ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करते हुए अभियोजन पक्ष को 9 दिसंबर को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है। सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है और तब तक सभी आरोपी कानूनी रूप से निर्दोष माने जाएंगे।

