बिहार का लोक आस्था का महापर्व छठ अब सात समंदर पार Oman के समुद्र तटों पर भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। यहां मस्कट, सोहार और सलाला के समुद्र किनारे छठ के गीत गूंजते हैं और प्रवासी भारतीय डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपनी परंपरा निभाते हैं।

Oman में इस आयोजन की शुरुआत सीतामढ़ी जिले के सुतिहारा गांव निवासी राम कुमार शर्मा ने वर्ष 2012 में अपने कुछ साथियों के साथ की थी। पिछले 22 वर्षों से ओमान में रह रहे सिविल इंजीनियर राम कुमार वर्तमान में जिंदल स्टील ओमान में जनरल मैनेजर हैं। विदेश में रहते हुए भी अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़े रहने की उनकी इस पहल ने हजारों बिहारियों और पूर्वांचल के लोगों को एक साथ जोड़ दिया है।
तीन शहरों के समुद्र तट बनते हैं छठ घाट
शुरुआत सोहार के समुद्र तट से हुई थी, जहां राम कुमार शर्मा के साथ पटना, भागलपुर, मधुबनी और मुजफ्फरपुर के लोगों ने मिलकर छठ पूजा की नींव रखी। आज यह आयोजन मस्कट, सोहार और सलाला तक फैल चुका है। तीनों शहरों में प्रवासी भारतीय मिलकर घाट की व्यवस्था, साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां करते हैं।

बांस का सूप, दउरा और दूसरी पारंपरिक सामग्री की व्यवस्था के लिए कई लोग भारत से ही सामान मंगवाते हैं, जबकि फल और पूजा की अधिकतर सामग्री स्थानीय भारतीय दुकानों पर मिल जाती है। दुर्गा पूजा से शुरू होने वाला उत्सवी माहौल दिवाली के बाद छठ तक बना रहता है।
विदेश में भी जीवंत है बिहार की संस्कृति
Oman में छठ पूजा अब सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रवासी भारतीयों के लिए अपनी जड़ों से जुड़ने का बड़ा माध्यम बन गई है। राम कुमार शर्मा की पहल से शुरू हुई यह परंपरा आज सामूहिक सहयोग और सांस्कृतिक एकता की मिसाल बन चुकी है।

Oman में समुद्र की लहरों के बीच जब व्रती पारंपरिक छठ गीत गाते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं, तो वहां का नजारा बिहार के गंगा और बागमती घाटों जैसा हो जाता है। हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद प्रवासी भारतीयों ने साबित कर दिया है कि अपनी मिट्टी, आस्था और परंपराओं से जुड़ने के लिए देश की सीमाएं मायने नहीं रखतीं।


