ग्रेटर Noida वेस्ट के करीब 5 लाख लोगों के लिए मेट्रो और रैपिड रेल की कनेक्टिविटी आसान होने जा रही है। केंद्र सरकार ने Noida मेट्रो की एक्वा लाइन के 8.5 किलोमीटर लंबे विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसके तहत सेक्टर-61 से गौर चौक (सेक्टर-4) तक पांच स्टेशन बनाए जाएंगे।

खास बात यह है कि गौर चौक पर मेट्रो का इंटरचेंज प्रस्तावित गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत कॉरिडोर से होगा। इससे 100 से ज्यादा हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लोगों को आने-जाने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गौर चौक बनेगा मेट्रो और नमो भारत का इंटरचेंज
नए Noida रूट पर सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और सेक्टर-4 स्टेशन होंगे। Noida सेक्टर-61 पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और एक्वा लाइन के बीच इंटरचेंज मिलेगा, जबकि गौर चौक पर मेट्रो और नमो भारत को जोड़ा जाएगा।

प्रस्तावित योजना के मुताबिक, यहां दोनों ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पास-पास होंगे, जिससे यात्री आसानी से ट्रेन बदल सकेंगे। नमो भारत कॉरिडोर के जरिए गाजियाबाद, मेरठ और जेवर एयरपोर्ट तक तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
सोसायटी, मॉल और दफ्तरों तक पहुंच होगी आसान
इस विस्तार से गौर सिटी, आसपास की हाईराइज सोसायटियों, मॉल, अस्पतालों और दफ्तरों तक पहुंचना आसान हो सकता है। फिलहाल कई इलाकों के लोगों को सड़क जाम और कैब पर निर्भर रहना पड़ता है।

नई Noida कनेक्टिविटी से दिल्ली-एनसीआर में सफर के विकल्प बढ़ेंगे और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के व्यावसायिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


