केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली के ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर में Yuge Yugeen Bharat Museum बनाने के लिए 3,230 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की बैठक में यह फैसला लिया गया।

करीब 1,78,509 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह Yuge Yugeen Bharat Museum दुनिया का सबसे बड़ा डिस्प्ले क्षेत्र वाला म्यूजियम होगा। खास बात यह है कि इसके निर्माण में दोनों ऐतिहासिक इमारतों की मूल वास्तुकला और विरासत को सुरक्षित रखते हुए उनका दोबारा उपयोग किया जाएगा।
18 लाख कलाकृतियों से दिखाई देगी भारत की सभ्यतागत यात्रा
Yuge Yugeen Bharat Museum में आधुनिक तकनीक और इमर्सिव अनुभवों के जरिए भारत की हजारों साल पुरानी सभ्यता, कला, संस्कृति, भाषाओं, ज्ञान परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके लिए करीब 18 लाख कलाकृतियों की पहचान की गई है, जिनमें राष्ट्रीय संग्रहालय, संस्कृति मंत्रालय के अन्य संग्रहालयों, ASI के 52 स्थल संग्रहालयों, राज्य संग्रहालयों और निजी संग्रहों की सामग्री शामिल है। संग्रहालय की अलग-अलग गैलरी में वास्तुकला एवं नगर नियोजन, गणित एवं खगोल विज्ञान, भाषाएं एवं लिपियां, आस्था एवं आध्यात्मिकता और भारत के वैश्विक व्यापारिक एवं वैचारिक संबंधों जैसे विषयों को जगह मिलेगी।
2027 में खुलेगी पहली गैलरी, सालाना आएंगे एक करोड़ पर्यटक
इस परियोजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 के बीच चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। नॉर्थ ब्लॉक में ‘अलंकरण’ थीम पर आधारित पहली गैलरी 2027 के उत्तरार्ध में आम लोगों के लिए खुलने की संभावना है। Yuge Yugeen Bharat Museum को हर साल करीब एक करोड़ पर्यटकों की मेजबानी करने की क्षमता के साथ विकसित किया जाएगा।

टिकट, गाइडेड टूर, खान-पान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से राजस्व मिलने के साथ पर्यटन, शिक्षा, शोध और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 18 मई 2023 को इस म्यूजियम की स्थापना की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य भारतीय विरासत को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी पहचान दिलाना है।


