अब शादी की तैयारी सिर्फ कपड़ों, गहनों और समारोह तक सीमित नहीं रहेगी। Goa के एक कॉलेज ने लोगों को वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने के मकसद से 15 दिन का खास सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है। Goa गृह विज्ञान महाविद्यालय के मानव विकास और परिवार अध्ययन विभाग की ओर से यह कोर्स 2 से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

इसका नाम ‘मैरिज रेडीनेस: प्रिपेयरिंग फॉर हेल्दी एंड लास्टिंग रिलेशनशिप्स’ रखा गया है। कॉलेज के प्राचार्य महेश पाई के मुताबिक, शादी के लिए तैयार होने का मतलब केवल शादी की रस्मों की तैयारी करना नहीं, बल्कि रिश्ते में समझ, भरोसा, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारियों को जानना भी है। इस कोर्स का उद्देश्य लोगों को एक स्वस्थ और लंबे समय तक चलने वाला रिश्ता बनाने के लिए जरूरी बातें सिखाना है।
करियर की तरह शादी की तैयारी भी जरूरी?
Goa कॉलेज की विवरणिका में एक दिलचस्प सवाल उठाया गया है कि लोग अपना करियर बनाने के लिए करीब 20 साल पढ़ाई और तैयारी में लगाते हैं, लेकिन शादी और पारिवारिक जीवन की तैयारी के लिए कितना समय देते हैं? इसी सोच के साथ यह कोर्स तैयार किया गया है, ताकि लोग शादी के बाद आने वाली चुनौतियों और जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से समझ सकें।

यह पहल ऐसे समय में आई है, जब गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य में तलाक के मामलों को कम करने के लिए विवाह-पूर्व परामर्श शुरू करने की योजना की बात कही है।
गोवा में 3 साल में 3 हजार से ज्यादा वैवाहिक मामले
Goa में शादी और तलाक से जुड़े मामलों के आंकड़े भी इस पहल की जरूरत को दिखाते हैं। राज्य के विधि विभाग के अनुसार, 2022 से 2025 के बीच दीवानी अदालतों में विवाह और तलाक से जुड़ी 3,000 से अधिक याचिकाएं दाखिल हुईं।

इनमें अकेले 2024 में 947 मामले दर्ज किए गए। ऐसे में कॉलेज का यह कदम शादी से पहले लोगों को रिश्तों की वास्तविक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की एक नई पहल माना जा रहा है।

