Delhi Police के निचले स्टाफ में बढ़ते असंतोष के बीच उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू मंगलवार, 3 नवंबर को करीब 500 पुलिसकर्मियों से सीधे बातचीत करेंगे। न्यू पुलिस लाइंस स्थित उत्सव सदन में शाम 4 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक के कर्मचारी अपनी शिकायतें और समस्याएं LG के सामने रख सकेंगे।

इसके लिए Delhi Police के सभी जिलों और यूनिट्स से चुनिंदा पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। पुलिस महकमे में इस बातचीत को कर्मचारियों की नाराजगी दूर करने की अहम कोशिश माना जा रहा है।
पुलिस-वकील विवाद के बाद बढ़ा असंतोष
दरअसल, हाल ही में हुए पुलिस और वकीलों के विवाद के बाद पुलिस मुख्यालय और दिल्ली बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच बनी सहमति को लेकर निचले स्तर के पुलिसकर्मियों में नाराजगी है।

इसी के विरोध में सोमवार को करीब 600 पुलिसकर्मी पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे। इस दौरान Delhi Police कमिश्नर अनुराग कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। कुछ पुलिसकर्मियों को अपनी बात रखने का मौका मिला, लेकिन कई कर्मचारी पर्याप्त मौका नहीं मिलने से नाराज दिखाई दिए।
पुलिस कमिश्नर ने दिया कार्रवाई का भरोसा
Delhi Police मुख्यालय ने बयान जारी कर बताया कि 2 नवंबर को संपर्क सभा आयोजित की गई थी, जिसमें पुलिसकर्मियों की शिकायतें सुनी गईं। पुलिस कमिश्नर ने उनकी चिंताओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया और वर्दी की गरिमा व सम्मान बनाए रखने की बात कही।

अब सभी की नजर LG के साथ होने वाली इस बैठक पर है। देखना होगा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं और नाराजगी को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

