Agniveer योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाला पहला बैच 21 नवंबर को नेवी से बाहर होगा। सूत्रों के मुताबिक, नौसेना ने 25 फीसदी Agniveer को सेवा में बनाए रखने के लिए ऑफर दे दिया है, जबकि बाकी 75 फीसदी के लिए अन्य सरकारी सेवाओं में रोजगार के विकल्प तलाशे जा रहे हैं।

75% Agniveer के लिए सरकारी नौकरियों के विकल्प
नेवी से बाहर होने वाले Agniveer की सूची गृह मंत्रालय को भेजी गई है। उन्हें अर्धसैनिक बलों, पुलिस और अन्य विभागों में नौकरी के अवसरों की जानकारी दी जा रही है। कई अर्धसैनिक बल और पुलिस विभाग पहले ही पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 से 20 फीसदी तक आरक्षण का ऐलान कर चुके हैं। इससे चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को आगे रोजगार पाने में मदद मिल सकती है।

तीनों सेनाएं चाहती हैं रिटेंशन बढ़े
सूत्रों के अनुसार, तीनों सेनाएं चार साल की सेवा के बाद Agniveer को स्थायी रूप से बनाए रखने की दर बढ़ाने के पक्ष में हैं। हालांकि, सरकार पहले बैच की पूरी प्रक्रिया और उससे मिलने वाले अनुभवों का आकलन करने के बाद इस पर विचार करेगी। माना जा रहा है कि करीब छह महीने बाद सेनाएं चार साल के अनुभव और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर सरकार के सामने अपना प्रस्ताव दोबारा रख सकती हैं। ऐसे में पहले बैच की विदाई के साथ ही अग्निवीर योजना में आगे होने वाले बदलावों पर भी नजर रहेगी।

