दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU Election 2026) में NSUI के खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NSUI प्रभारी कन्हैया कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ को बुलाकर हार के कारणों पर जवाब मांगा। NSUI इस बार DUSU Election के चारों केंद्रीय पदों में से एक भी सीट नहीं जीत सकी। वहीं DUSU Election में ABVP ने तीन पदों पर जीत दर्ज की, जबकि NSUI से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
दीपांशु को टिकट क्यों नहीं मिला? राहुल गांधी ने पूछा सवाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने कन्हैया कुमार और विनोद जाखड़ से चुनावी हार के कारणों पर कई सवाल किए। इनमें सबसे अहम सवाल दीपांशु शौकीन को NSUI का टिकट नहीं देने को लेकर था। शौकीन ने टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और 30,615 वोट पाकर उपाध्यक्ष पद जीता। सूत्रों के अनुसार, कन्हैया कुमार और जाखड़ ने टिकट न देने के पीछे शौकीन की कथित शर्तों को वजह बताया, लेकिन राहुल गांधी टिकट विवाद को जिस तरह संभाला गया, उससे संतुष्ट नहीं थे। बैठक में संगठन की जमीनी पकड़ और युवाओं से जुड़ाव पर भी चर्चा हुई।


