देशभर में आगामी रामलीला और दशहरा उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में रविवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन व ध्वज स्थापना की गई। इसके साथ ही रामलीला के मंच, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेज हो गया है।

11 अक्टूबर से सजेगा रामलीला का मंच
दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में प्रमुख रामलीलाओं का मंचन 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है। वहीं 20 अक्टूबर को विजयादशमी यानी दशहरा मनाया जाएगा। लाल किला मैदान में होने वाली लव-कुश रामलीला में इस बार हाईटेक डिजिटल मंच की तैयारी की जा रही है, जबकि दिल्ली की अन्य रामलीलाओं में भी भव्य मंच और आकर्षक सजावट देखने को मिलेगी।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा उत्साह
गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन और अन्य क्षेत्रों के साथ नोएडा में भी भूमि पूजन के बाद तैयारियां तेज हो गई हैं। नोएडा सेक्टर-21ए स्टेडियम में होने वाली रामलीला के लिए रविवार को हवन और पूजन किया गया। आयोजकों के मुताबिक, इस बार आयोजन को भव्य बनाने के साथ भगवान राम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति का संदेश लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

