Delhi University (DU) ने छात्राओं और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए महिला सुरक्षा समिति का पुनर्गठन किया है। इस बार समिति में पहली बार Delhi University छात्रसंघ (DUSU) के पदाधिकारियों को भी जगह दी गई है।

डूसू अध्यक्ष यश डबास और सचिव रिया छाबड़ी को समिति का सदस्य बनाया गया है। विश्वविद्यालय के इस फैसले से अब छात्र प्रतिनिधि भी परिसर में महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों और सुझावों को सीधे समिति के सामने रख सकेंगे।
प्रॉक्टर करेंगे समिति की अध्यक्षता, कॉलेज प्राचार्य भी शामिल
शुक्रवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक, Delhi University समिति की अध्यक्षता डीयू के प्रॉक्टर प्रो. मनोज सिंह करेंगे। इसमें संयुक्त प्रॉक्टर प्रो. गीता सहारे, लॉ सेंटर-दो की प्रोफेसर इंचार्ज पिंकी शर्मा और उत्तरी व दक्षिणी परिसर की उप प्रॉक्टर भी शामिल होंगी।

इसके अलावा हंसराज कॉलेज, मिरांडा हाउस, लेडी श्रीराम कॉलेज, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज और एसपीएम कॉलेज के प्राचार्यों को भी सदस्य बनाया गया है। इस तरह विश्वविद्यालय प्रशासन, कॉलेज प्रबंधन और छात्रसंघ के प्रतिनिधि एक साथ महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों पर काम करेंगे।
हर महीने होगी बैठक, सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
नई समिति की हर महीने बैठक होगी, जिसमें Delhi University और कॉलेज परिसरों में छात्राओं तथा महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जरूरी कदमों और नए सुझावों पर चर्चा होगी।

दिल्ली में दुष्कर्म और महिला कॉलेजों के बाहर छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाओं के बाद डीयू ने सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए थे। ऐसे में समिति का पुनर्गठन परिसर में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से उठाने और उनके समाधान की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

