दिल्ली के Ramlila Maidan में धरना-प्रदर्शन और रैलियों के लिए अब सख्त नियम लागू हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने आयोजनों को व्यवस्थित करने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का ड्राफ्ट तैयार किया है। इसके तहत एक कार्यक्रम में अधिकतम 50 हजार लोगों को जुटाने की अनुमति देने का प्रस्ताव है।

साथ ही, सभी आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही किए जा सकेंगे। हालांकि, Ramlila Maidan में हर कार्यक्रम में लोगों की वास्तविक संख्या का फैसला आयोजन की प्रकृति और सुरक्षा व्यवस्था के आधार पर सक्षम अधिकारी करेंगे।
10 दिन पहले आवेदन, ट्रैफिक और पार्किंग की जिम्मेदारी आयोजकों की
प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, आयोजकों को Ramlila Maidan में कार्यक्रम से कम से कम 10 दिन पहले पुलिस से अनुमति लेनी होगी। इससे पहले MCD से मैदान की उपलब्धता का प्रमाण पत्र लेना जरूरी होगा।

भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था भी आयोजकों को पुलिस के साथ मिलकर करनी होगी। इसके अलावा हथियार, धारदार वस्तुएं और प्रतिबंधित सामान ले जाने पर रोक रहेगी। ड्रोन उड़ाने के लिए पहले से मंजूरी जरूरी होगी। आयोजकों को पानी, मेडिकल सहायता, शौचालय और साफ-सफाई का इंतजाम भी करना होगा।
मंजूरी के बाद लागू होंगे नए नियम
यह कदम जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद उठाया गया है। इसके बाद दिल्ली में प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD मैदान को वैकल्पिक जगहों के रूप में तय किया गया था।

Ramlila Maidan के लिए तैयार SOP का ड्राफ्ट मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। सक्षम अधिकारियों की जांच और स्वीकृति के बाद ही इन नियमों को लागू किया जाएगा।

