फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेकर्स ने इस रोमांटिक ड्रामा के सीक्वल सनम तेरी कसम 2 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी एक बार फिर राधिका राव और विनय सप्रू की जोड़ी संभालेगी।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ‘सनम तेरी कसम 2’ की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और इसके गानों पर भी काम लगभग पूरा हो गया है। फिल्म के पहले भाग में हर्षवर्धन राणे और मावरा होकेन की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था, हालांकि, सीक्वल में कास्ट को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। सनम तेरी कसम 2 2026 के वेलेंटाइन वीक के दौरान सिनेमाघरों में दस्तक देगी। उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी अपने पहले भाग की तरह दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाएगी।
2016 में रिलीज हुई सनम तेरी कसम ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोर दिया था। इसके गाने ‘तेरा चेहरा’, ‘सनम तेरी कसम’, और ‘कौन तुझे यूं प्यार करेगा’ आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं। फिल्म की री-रिलीज़ को भी हाल ही में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिससे मेकर्स को सीक्वल बनाने की प्रेरणा मिली।
क्या ‘सनम तेरी कसम 2’ पहले भाग की तरह दर्शकों का दिल जीत पाएगी? यह तो फिल्म के रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल, फैंस इस बड़ी घोषणा से काफी उत्साहित हैं।
